सिद्धार्थनगर। जिला आबकारी अधिकारी वीर अभिमन्यु कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत शनिवार को आबकारी विभाग की टीम ने छापे की कार्रवाई की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने बांसी कोतवाली क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत पठखौली के टोला अदिलापुर में दबिश दी। गांव का रहने वाला गिरिजेश देशी शराब का अवैध रूप से धंधा करते हुए पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके घर से 30 पाउच देशी शराब बरामद की गई। बांसी क्षेत्र के आबकारी निरीक्षक संजय पांडेय ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ कोतवाली बांसी में आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत करा कर अग्रिम कार्रवाई के लिए पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है। छापे की कार्रवाई में इटवा क्षेत्र के आबकारी निरीक्षक राम महेश, चंद्र प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।