जांच रिपोर्ट पर एसडीएम ने की कार्रवाई, कहा-लापरवाही क्षम्य नहीं
स॔वाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। जीवित को मृत घोषित कर उसकी संपत्ति दूसरे के नाम वरासत कर देने के मामले में लेखपाल को एसडीएम ने निलंबित कर दिया। साथ ही संबंधित राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) को प्रतिकूल प्रविष्ट दिया है। एसडीएम डॉ. संजीव दीक्षित ने यह कार्रवाई नायब तहसीलदार की जांच रिपोर्ट के आधार पर की है।
डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के ग्राम भरवाथिया मुस्तहकम निवासी अब्दुल हकीम ने एसडीएम से दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी विरासत जमीन अन्य के नाम अब्दुल नईम, अब्दुल हाफिज, अब्दुल सलीम, अब्दुल रहीम पुत्रगण अब्दुल हकीम के नाम कर दिया है। प्रकरण संज्ञान में आने पर एसडीएम डॉ. संजीव दीक्षित ने नायब तहसीलदार डुमरियागंज महबूब आलम को जांच का निर्देश दिया।
नायब तहसीलदार ने जांच रिपोर्ट में बताया कि अब्दुल हकीम नाम के गांव में दो व्यक्ति हैं जिसमें दूसरे व्यक्ति की मृत्यु हुई है तथा उन्हीं के वारिसों का नाम जमीन लेखपाल द्वारा चढ़ा दिया गया। शिकायतकर्ता अब्दुल हकीम मुंबई में रहता है। एसडीएम डाॅ. संजीव दीक्षित ने तहसीलदार डॉ. संतराज सिंह बघेल को सही वरासत करने का निर्देशित किया।
तहसीलदार डुमरियागंज ने राजस्व निरीक्षक के वरासत के आदेश को स्थगित कर। एसडीएम ने नायब तहसीलदार की रिपोर्ट के आधार पर क्षेत्रीय लेखपाल दीपक संखवार को तत्काल निलंबित कर दिया तथा राजस्व निरीक्षक को प्रतिकूल प्रविष्टि प्रदान किया है।