संवाद न्यूज एजेंसी
शोहरतगढ़। चिल्हिया कस्बे के हल्का लेखपाल के कार्य प्रणाली को लेकर ग्राम प्रधान ने जिलाधिकारी पवन अग्रवाल को शिकायत पत्र देकर उन्हें हटाने की गुहार लगाई है। आरोप है कि हल्का लेखपाल आय, जाति और निवास में रिपोर्ट में आनाकानी करते हैं और उसे निरस्त कर देते हैं। जिससे आवेदनकर्ता बहुत परेशान हैं।
चिल्हिया ग्राम प्रधान इबरार अली ने जिलाधिकारी को शिकायत पत्र देकर बताया कि गांव में स्वच्छ भारत मिशन योजना के अंतर्गत गांव का कूड़ा करकट रखने के लिए कूड़ा घर बनाया जाना है, लेकिन अभी तक हल्का लेखपाल ने उसके लिए जमीन चिह्नित नहीं किया है, जिससे कूड़ा घर नहीं बन पा रहा है, जबकि ग्राम पंचायत में सरकारी जमीन बहुत खाली है। गांव के लोग आय, जाति और निवास के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है, लेकिन लेखपाल ने किसी भी आवेदनकर्ता के आवेदन पर रिपोर्ट नहीं लगाया है। उन्होंने अस्वीकृत कर दिया है। इससे आवेदनकर्ता बहुत ही परेशान है। लेखपाल किसी से ठीक तरह से व्यवहार नहीं करते हैं। फोन पर बातचीत के दौरान कहा कि कोई मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा। गांव के लोग इनसे परेशान हो चुके हैं। इनके विरुद्ध लोगों में रोष व्याप्त है।