राजकीय इंटर कॉलेज में स्थित अभ्युदय कोचिंग में पढ़ाई करते छात्र-छात्राएं
सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग में प्रवेश के लिए जून के अंतिम सप्ताह में परीक्षा हुई और राजकीय इंटर कॉलेज में जुलाई से कक्षाओं का संचालन शुरू कर दिया गया, लेकिन बांसी तहसील क्षेत्र के युवाओं के लिए अब तक सेंटर नहीं खुल पाया है।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को दूसरे जनपद अथवा जिला मुख्यालय की दौड़ लगानी पड़ रही है। मुख्यमंत्री के आदेशानुसार मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग की कक्षाएं जिले के साथ-साथ तहसील व ब्लॉक स्तर पर भी चलाई जानी हैं। इसी उम्मीद से बांसी क्षेत्र के लगभग 57 युवाओं ने प्रवेश परीक्षा फार्म भरने के दौरान साथ ही बांसी क्षेत्र में कोचिंग सेंटर चलाने के लिए आवेदन दिया था, लेकिन एक माह बीतने के बाद भी कोचिंग सेंटर का संचालन शुरू नहीं हो पाया है। युवाओं का कहना है कि समय से कक्षाओं का संचालन न होने से कोर्स पूरा नहीं होगा, जिससे परीक्षा देने में कठिनाई होगी।
युवाओं का कहना है कि बांसी क्षेत्र में कोचिंग की सुविधा होती तो डुमरियागंज और इटवा के छात्र-छात्राओं को भी सुविधा मिलती। परिवहन सुविधाएं बेहतर नहीं होने के कारण में दूर जाकर निशुल्क कोचिंग का लाभ उठना युवाओं के लिए कठिन है। इस संबंध में जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. राहुल गुप्ता ने बताया कि बांसी तहसील क्षेत्र में सेंटर चलाने के लिए जगह खोजी जा रही है। जल्द ही बांसी क्षेत्र में अभ्युदय की कक्षाओं का संचालन किया जाएगा।
-
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए अभ्युदय काेचिंग में फार्म भरा था। क्षेत्र में कोचिंग सेंटर खुलने से तैयारी करने में आसानी होगी।
-नेहा शुक्ला
दूरी कम होती तो कोचिंग सेंटर पहुंचने में समय कम लगता, जिससे तैयारी करने में आसानी होती। अभी मैं नौगढ़ के कोचिंग सेंटर में पढ़ाई कर रही हूं। -रितिका शुक्ला