त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के हटवा निवासी युवक की पुणे में छत के कुंडे से लटकी मिली लाश
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के हटवा गांव निवासी सीताराम शर्मा के बड़े पुत्र विश्वनाथ शर्मा (19) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना से गांव में मातम छाया हुआ है। विश्वनाथ शर्मा तीन माह पूर्व रोजी-रोटी की तलाश में पुणे गया था। शनिवार को दोपहर करीब तीन बजे पुणे स्थित एक कमरे में छत के कुंडे से लटका मिला था।
क्षेत्र के हटवा गांव निवासी सीताराम का बड़ा बेटा विश्वनाथ शर्मा जुलाई में रोजी-रोटी के लिए पुणे गया था। जहां एक दुकान पर लकड़ी का काम करता था। शनिवार को दोपहर तीन बजे कमरे के छत में लगे कुंडे के सहारे फंदे से लटकी उसकी लाश मिली। पड़ोस के लोगों ने थोड़ी दूर पर रह रहे छोटे भाई दीपक को सूचना दी।
दीपक की सूचना पर पुणे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर दीपक को सौंप दिया। जिसे लेकर त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के हटवा गांव के लिए आ रहा है। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही पिता सीताराम व माता अनारकली दहाड़ें मारकर रो रही हैं। घटना से गांव में मातम छाया हुआ है।