ढेबरुआ थाना क्षेत्र के भरौली गांव के पास हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
तुलसियापुर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के भरौली गांव स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के सामने मंगलवार रात पिकअप व बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही पिकअप को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुटी है।
क्षेत्र के ढेबरुआ गांव निवासी विवेक पांडेय (25) पुत्र राजनरायन पांडेय ढेबरुआ में मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाता था। मंगलवार को वह बढऩी से बाइक से घर आ रहा था। अभी क्षेत्र के भरौली गांव के पास स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के सामने पहुंचा था कि पिकअप और बाइक में आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक, मृतक अविवाहित था। छह भाइयों में वह पांचवें स्थान पर था। घटना की सूचना मिलते ही पूरा परिवार दुख में डूब गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पिकअप व बाइक को कब्जे में लेकर जांच कर रही है। इस संबंध में थानाध्यक्ष ढेबरुआ शशांक कुमार सिंह ने बताया कि लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।