शोहरतगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है घायल का इलाज
मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के बैजनथा नईडहर गांव का है मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
पकड़ी बाजार। मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के बैजनथा गांव के टोला नईडहर गांव में मारपीट हुई। बुधवार को गांव में फसल लगी खेत से होकर बाइक से आने-जाने के लिए मना करने पर युवक को गांव के ही कुछ लोगों ने पीट दिया। इससे मन नहीं भरा तो गांव में पहुंचकर पीड़ित के घर के सामने डाली गई झोपड़ी में आग लगा दी। आग से झोपड़ी के अलावा उसी से सटे पक्के मकान में आग फैल गई। इससे घर में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर शोहरतगढ़ और मिश्रौलिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस कार्रवाई में जुटी है। घायल का शोहरतगढ़ सीएचसी में इलाज चल रहा है।
क्षेत्र के बैजनथा गांव के टोला नईडहर निवासी दिलीप (28) बुधवार को अपने गांव के बगल शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के नकाही गांव में पाकड़ के पेड़ के नीचे बैठकर ताश खेल रहा था। आरोप है कि इसी बीच गांव के ही पांच लोग पहुंच गए और गोलबंद होकर मारने-पीटने लगे। इससे दिलीप को काफी चोटें आईं और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।
मारपीट की सूचना पाकर पीड़ित घर के लोग भी पहुंच गए। दिलीप का घर खाली पाकर आरोपियों ने उसके घर पर पहुंचकर झोपड़ी में आग लगा दी। आग इस प्रकार फैली की पक्के मकान में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। ग्रामीणों की मदद से किसी प्रकार से आग पर काबू पाया गया। सूचना पाकर मौके पर डाॅयल-112 व मिश्रौलिया थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एंबुलेंस की सहायता से घायल अवस्था में दिलीप को सीएचसी शोहरतगढ़ भेजवाया।
जल रहे दिलीप के पक्के मकान को बुझाने के लिए मिश्रौलिया थाने की पुलिस जुट गई। किसी तरह आग पर काबू पाया गया। एसओ मिश्रौलिया अरविंद कुमार एवं शोहरतगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार पांडेय ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। इसके साथ ही सीओ इटवा जयराम और एएसपी सिद्धार्थ भी मौके पर पहुंच गए। मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।
पहले भी दर्ज हो चुका है केस
ग्रामीणों के मुताबिक, दिलीप से पहले भी गांव के कुछ लोगों से रास्ते को लेकर विवाद हुआ था और मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन था। इस पर मिश्रौलिया थाने की पुलिस शांतिभंग का नोटिस भी तामील कर चुकी है।
बोले अधिकारी
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर गए थे। पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर दी जा रही है। मिती तहरीर के आधार पर केस दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।
-सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर