एसओजी और सदर पुलिस की संयुक्त टीम ने नगर के कठवा पुल के पास से पकड़ा
फोटो- है
चोरी करने के बाद बाॅर्डर पार कर नेपाल चला जाता था
पहले करता था रेकी, फिर वारदात को देता था अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। नगर में चोरी की वारदात करके पुलिस को छकाने वाले शातिर को एसओजी और सदर पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को क्षेत्र के कठला पुल के पास से दबोच लिया। उसके कब्जे से एक लाख रुपये नकदी, आभूषण और एक किलो चरस बरामद किया है।
पुलिस का दावा है कि पकड़ा गया बदमाश नगर में चोरी की पांच घटनाओं को अंजाम दे चुका है। वारदात को अंजाम देने के बाद नेपाल में शरण ले लेता था। पूछताछ करने के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। यह जानकारी एसपी अभिषेक कुमार अग्रवाल ने पुलिस लाइंस में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में दी है।
एसपी ने बताया कि नगर में हुई चोरी की वारदात का पर्दाफाश करने के लिए एसओजी और सदर पुलिस टीम को लगाया था। सर्विलांस की टीम भी इस मामले में कार्य कर रही थी। शनिवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी करने वाला बदमाश नेपाल से आ चुका है। वह किसी वारदात को अंजाम दे सकता है।
सूचना को संज्ञान में लेते हुए टीम ने नगर के कठवा पुल के पास पहुंचकर चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान बाइक से एक संदिग्ध आता हुआ दिखा। जो पुलिस टीम को देखकर भागने लगा। टीम ने घेरेबंदी करके उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान असलम निवासी खजुरिया थाना सदर बताया।
उसके कब्जे से चोरी के लगभग दो लाख रुपये के आभूषण और एक लाख रुपये और एक किलो चरस बरामद किया गया। उसके खिलाफ चोरी, लूट सहित अन्य अपराध के 20 से अधिक केस दर्ज हैं। पूछताछ करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
चोरी करने के बाद नेपाल चला जाता था
पुलिस के मुताबिक, पकड़े बदमाश ने पूछताछ में बताया कि मैं तथा मेरा दोस्त फरियाद दिन में वेश बदलकर बंद घरों की रेकी करते हैं। सीसीटीवी कैमरे से बचने के लिए मास्क लगाकर, वेश बदलते हैं। पुलिस से बचने के लिए घटना के पहले दूसरा कपड़ा व घटना के बाद दूसरा कपड़ा पहनकर रात में ताला, खिड़की तोड़कर घटनाएं करके नेपाल निकल जाते हैं। नेपाल में किराये का रूम लेकर मौज-मस्ती करते हैं। जब पैसा खत्म हो जाता है तो पुन: कई स्थानों पर चोरी करके लंबे समय के लिए नेपाल निकल जाते हैं।