त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के बिस्कोहर कस्बे का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र स्थित बिस्कोहर कस्बे में साइकिल अनियंत्रित होने से एक बालक बुधवार को कुएं में गिर पड़ा। चीख-पुकार के बाद पहुंचे लोगों ने उसे किसी तरह से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई।
नगर पंचायत बिस्कोहर के वार्ड नंबर निवासी रितेश (10) पुत्र बृजेश मिश्रा घर से साइकिल लेकर अपने दोस्तों के पास जा रहा था। अभी वह घर से थोड़ी ही दूर स्थित कुएं के पास पहुंचा था कि अचानक उसकी साइकिल अनियंत्रित होकर पलट गई। साइकिल गिरते ही रितेश कुएं में जा गिरा।
आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो कुछ लोग रस्सी के सहारे कुएं में उतरे और रितेश को बाहर निकाले। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस संबंध में एसओ चंदन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पर माैके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा करके परिजनों को सौंप दिया है।