उसका बाजार (सिद्धार्थनगर)। उसका-बृजमनगंज रेल मार्ग पर महुआ गांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पाया गया है। मृतक की पहचान हरनी गांव निवासी के रूप में हुई है। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उसका क्षेत्र के हरनी गांव निवासी रामवृक्ष (38) पुत्र पंकज दिल्ली में रहकर रोजगार करता है। घर के लिए उसने गोपियापुर निवासी एक परिचित के माध्यम से 20 हजार रुपये भेजा था। पैसे लेने रामवृक्ष सोमवार को घर से निकला था। देर रात तक वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। इस बीच मंगलवार की सुबह महुआ गांव के पास रेलवे ट्रैक पर उसकी लाश पाई गई। उसके सिर में गहरे चोट के निशान थे। उसकी जेब से साढ़े 19 हजार रुपये भी मिले हैं। इस संबंध में स्टेशन मास्टर केके मिश्रा के मुताबिक गोरखपुर-लखनऊ जा रही गोमतीनगर एक्सप्रेस के ड्राइवर ने ट्रैक पर लाश होने की सूचना दी थी, जिसके आधार पर जीआरपी को अवगत कराया गया। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।