सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत बिस्कोहर व कठौतिया रामनाथ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में 75 मरीजों का उपचार कर उन्हें मुफ्त दवाएं दी गईं। साथ ही मरीजों को बरसात के मौसम में होने वाली संक्रामक बीमारियों से बचाव की सलाह भी दी। नगर स्थित न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. एससी शर्मा ने बताया कि जन आरोग्य मेले में 40 मरीजों का उपचार किया गया है, इसमें 25 महिलाएं, 10 पुरुष व 5 बच्चे शामिल हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कठौतिया के चिकित्सक डॉ. इष्टदेव आर्य ने बताया कि मेले में 35 मरीजों का उपचार कर उन्हें दवाएं दी गईं हैं। चिकित्सकों ने बताया कि स्वास्थ्य मेले में मौसमी रोग जैसे सर्दी, जुकाम व सामान्य बुखार के मरीज अधिक आए थे जिन्हें दवाएं देने के साथ बरसात के मौसम में होने वाली संक्रामक बीमारियों से बचाव की सलाह भी दी गई है। संवाद