बढ़नी (सिद्धार्थनगर)। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों पर सड़क हादसे में किशोर की मौत हो गई, वहीं एक चालक जख्मी हो गया। पहली घटना चरगहवा नाले की है। मलगहिया गांव निवासी जगदीश का पुत्र अंदीप शुक्रवार की रात (14) चरगहवा नाले पर मूर्ति विसर्जन के लिए गया हुआ था। वापस लौटते समय अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। अंधेरा होने के चलते लोग वाहन को पहचान नहीं सके। घटना की सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी बढनी हरेंद्रनाथ राय ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उधर, मुड़िला रोड पर तेज रफ्तार जा रही चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर पलटी गई। हादसे में चालक गंभीर रुप से जख्मी हुआ है। वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन स्वामी शरन ने बताया कि चालक नशे में थे। इससे वाहन पर नियंत्रण नहीं कर सका।