भनवापुर (सिद्धार्थनगर)। ब्लॉक क्षेत्र में राप्ती नदी का कहर जारी है। नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से आस-पास के इलाकों में दहशत का माहौल है। दर्जनों गांव बाढ़ के पानी से पूरी तरह से घिरे हैं। क्षेत्र के मुख्य मार्ग से लेकर संपर्क मार्ग तक पूरी तरह से पानी में डूबे हुए हैं। कई संपर्क मार्गों की हालत यह है कि उन पर पैदल आवाजाही पूरी तरह ठप है। बुधवार को एसडीएम डुमरियागंज राजेंद्र प्रसाद ने लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष रमेश श्रीवास्तव, लेखपाल अब्दुल अजीज व रमापति त्रिपाठी के साथ बाढग़्रस्त क्षेत्रों का निरीक्षण किया। टीम ने बेंव मुस्तहकम, गोपिया, बामदेई, कोहल, गोनकोट, चंदनजोत, नेहतुआ का निरीक्षण किया। मौके से ही हलका लेखपाल रमापति त्रिपाठी को कोहल, गोनकोट, चंदनजोत व नेहतुआ में नाव लगवाने का निर्देश दिया। इसके बाद जूड़ीकुईंया, खनता, बेतनार मुस्तहकम व बिशुनपुर औरंगाबाद का निरीक्षण किया। गांव निवासी धर्मपाल, धनीराम, सीताराम, श्यामलाल, चिनकू, हरीराम, संदीप, विनोद आदि ने कहा कि अभी तक उन्हें कोई मदद नहीं मिली है। अधिकारी व नेता आकर सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं।