विशुनपुर मुस्कहम गांव में जांच करने पहुंची टीम।
- फोटो : अमर उजाला
बांसी(सिद्धार्थनगर)। खेसरहा ब्लॉक के विशुनपुर मुस्कहम गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) में बड़े पैमाने पर अपात्रों को आवास आवंटित करने का मामला सामने आया है। बीडीओ की जांच में 84 लाभार्थियों में से 60 को अपात्र पाय गया है। विशुनपुर मुस्तहकम गांव के 84 लाभार्थियों का प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाने के लिए धन स्वीकृत हुआ था। इस योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी को एक लाख बीस हजार रुपये की राशि मिलनी थी। इसी क्रम में सभी लाभार्थियों को घर बनाने के लिए पहली किस्त उनके खाते में 40 हजार की राशि पहुंचाई गई। अधिकांश ने यह धनराशि निकाल भी ली गई। अपात्रों को इस योजना का लाभ दिए जाने की शिकायत गांव के कुछ लोगों ने अधिकारियों से की थी। बुधवार को बीडीओ खेसरहा सुशील पांडेय व बचत अधिकारी ओपी सोनकर ने मामले की जांच की। इस संबंध में बीडीओ खेसरहा सुशील पांडेय का कहना है कि 84 लाभार्थियों में 60 से अधिक अपात्र पाए गए हैं। विभागीय जांच शुरू की गई है।