बांसी (सिद्धार्थनगर)। आदर्श नगर पालिका परिषद बांसी के आजादनगर वार्ड में पावर हाउस के पीछे नाले पर अवैध निर्माण को प्रशासन ने बुधवार को जेसीबी से हटवा दिया। एसडीएम के नेतृत्व में पहुंची टीम ने निमार्णाधीन मकान को गिरा कर कब्जे को हटवाया। आजादनगर वार्ड में पावर हाउस के पीछे नगर पालिका परिषद की ओर से नाले का निर्माण कराया गया था। इस पर एक व्यक्ति ने अवैध रुप से न केवल नाले पर दीवार खड़ी कर ली थी। अब मकान बनाने की फिराक में था। इसकी सूचना एसडीएम प्रबुद्ध सिंह को मिली। मामले को तुरंत संज्ञान में लेते हुए एसडीएम अपने साथ राज्य कर्मचारियों व कोतवाली पुलिस की टीम जेसीबी मशीन के साथ वहां पहुंच गए। तत्काल वहां हो रहे अवैध निर्माण को गिरा दिया। नाले में मिट्टी की भराई को जेसीबी से समतल कराया। इस दौरान कोतवाल रवींद्र कुमार सिंह, सदर लेखपाल गिरीश चंद्र श्रीवास्तव, अनिल श्रीवास्तव, राजस्व निरीक्षक आदि मौजूद रहे।