सिद्धार्थनगर। पावर ग्रिड कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के सीएसआर योजना के तहत जिले में 500 हैंड पंप एवं 500 सोलर लाइट लगाने के लिए समझौता हुआ। आंबेडकर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सांसद जगदंबिका पाल, कार्यपालक निदेशक पावर ग्रिड नवीन श्रीवास्तव, मुख्य महाप्रबन्धक एसकेराय, जिलाधिकारी संजीव रंजन, मुख्य विकास अधिकारी जयेंद्र कुमार की उपस्थिति में समझौते पर हस्ताक्षर हुआ।सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि जनपद को 500 सोलर लाइट तथा 500 हैंडपंप का सौगात मिला है।
पावर ग्रिड कारपोरेशन आफ इंडिया लिमिटेड द्वारा पूरे देश में ग्रिड को चलाया जा रहा है। पावर ग्रिड कारपोरेशन आफ इंडिया लिमिटेड भारत में ही नही बल्कि 24 देशो में काम कर रही है। आने वाले समय में पावर ग्रिड पूरे विश्व में कार्य करेगी। पावर ग्रिड कारपोरेशन आफ इंडिया लिमिटेड का सालाना टर्न ओवर 45 लाख करोड़ का है। उन्होंने कहा कि सिद्धार्थनगर की पहचान गौतम बुद्ध की जन्मस्थली के रूप में है। कपिलवस्तु का विकास अयोध्या और काशी की तर्ज पर होगा। इसके अलावा 24 करोड़ की धनराशि विपाशना केंद्र के लिए स्वीकृत हो गया है। जिलाधिकारी संजीव रंजन ने कहा कि यह जनपद नीति आयोग द्वारा आंकाक्षी जनपद घोषित किया गया है। जिलाधिकारी ने सोलर लाइट एवं हैंडपंप लगाने के लिए पावर ग्रिड को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर जिला अर्थ संख्या अधिकारी बीएस यादव, एडीएसटीओ वीरेद्र सिंह उपस्थित रहे। संवाद