प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ की बदल जाएगी सूरत
सीएमओ की ओर से शासन में किया गया पत्राचार
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। नगर में स्वास्थ्य का ढांचा मजबूत होगा और शहर के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर सुविधा मिलेगी। क्योंकि दम तोड़ चुके प्राथमिक स्वास्थ्य को जमींदोज करके अब 50 बेड का अस्पताल बलेगा। इसके लिए कागजी प्रक्रिया शुरू हो गई है। सीएमओ की ओर से शासन को पत्र भेजा जा चुका है। उम्मीद है कि जल्द ही मंजूरी मिल जाएगी।
नौगढ़ ब्लॉक से सटे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर शहर के अलावा 20 से अधिक गांव के लगभग एक लाख आबादी इलाज के लिए आती थी। मौजूदा समय में अस्पताल जर्जर हो चुका है। ओपीडी नियमित चलती है। प्रसव के साथ ही टीकाकरण भी होता है। जर्जर हो चुके भवन के ध्वस्तीकरण के लिए शासन के बाद पीडब्ल्यूडी को पत्राचार हुआ था। उम्मीद है कि जल्द ही कंडम घोषित हो चुके अस्पताल को गिरा दिया जाएगा। वहीं, नये अस्पताल को 50 बेड का बनाने के लिए सीएमओ की ओर से शासन को पत्र गया है। यह इसलिए कि पहले की तुलना में शहर की आबादी बढ़ी है। ऐसे में बेड और संसाधन का बढ़ाया जाना बेहद जरूरी है। बेड बढ़ने से दो फायदा होगा। एक तो शहर में ही लोगों का इलाज हो जाएगा। दूसरे मेडिकल कॉलेज का बोझ कम होगा। इस संबंध में सीएमओ डॉ. डीके चौधरी ने बताया कि 50 बेड का अस्पताल बनाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।