-खेसरहा विकास क्षेत्र स्थित एलडी नेशनल पब्लिक स्कूल का मामला
-सूचना पर स्वास्थ्य विभाग हुआ अलर्ट, इलाज के लिए लगाई गई टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। उमस भरी गर्मी के चलते बच्चों में आई फ्लू का खतरा बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को खेसरहा क्षेत्र में स्कूली बच्चों की आंखों में जलन और खुजलाहट की शिकायत पर जांच कराई गई तो 45 बच्चे आई फ्लू से संक्रमित पाए गए।
खेसरहा विकास क्षेत्र के पेड़ारी बुजुर्ग स्थित एलडी नेशनल पब्लिक स्कूल में कुल 145 बच्चे नामांकित हैं। मंगलवार को काफी संख्या में बच्चों ने स्कूल में अध्यापकों से आंख में जलन व खुजलाहट होने की शिकायत की। जिसके बाद प्रबंधक वेद प्रकाश पांडेय ने एक निजी चिकित्सक को बच्चों की जांच के लिए स्कूल में बुलाया। जिसके बाद चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई और 45 बच्चे आई फ्लू से संक्रमित पाए गए। चिकित्सकों के अनुसार अक्सर बरसात के मौसम में यह रोग तेजी से फैलता है। बच्चों में इस रोग की अधिकता देखी जाती है, अगर सावधानी नहीं बरती गई तो आई फ्लू से आंखों की रोशनी भी जा सकती है। जांच में स्कूल की छात्रा अंशिका पासवान, अभिषेक यादव, रिया चौहान, हर्षिता कश्यप, सूरज पांडे, सत्यम यादव, प्रियांशु मौर्य आदि समेत कुल 45 बच्चों के संक्रमित मिलने पर उनके परिजनों को इसकी जानकारी दी गई। सूचना स्कूल आए अभिभावकों को जरूरी एहतियात बरतने की सलाह देने के साथ बच्चों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेसरहा के प्रभारी डॉ. सुजीत पांडेय ने बताया पूर्व में इसकी कोई सूचना नहीं थी, लेकिन जानकारी मिलने के बाद बच्चों के नेत्र परीक्षण के लिए टीम भेजी जा रही है। जांच के बाद बच्चों के समुचित इलाज के लिए निर्देशित कर दिया गया है।