बैदौलागढ़ स्थित विद्युत उपखंड कार्यालय पर शिविर आयोजित
फोटो- है
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। डुमरियागंज क्षेत्र के बैदौलागढ़ स्थित विद्युत उपखंड कार्यालय पर बृहस्पतिवार को एकमुश्त समाधान योजना का पंजीकरण शिविर आयोजित किया गया। इसमें सरचार्ज माफी के लिए 400 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया। वहीं विद्युत उपभोक्ताओं से 16 लाख रुपये का बकाया बिल वसूलने के साथ-साथ 24 विद्युत बिलों की गड़बड़ियों को दूर किया गया।
शिविर एसडीओ बबलू चौधरी की अगुवाई में आयोजित किया गया। इसमें क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से आए 400 लोगों ने सरकार की ओर से चलाई जा रही एकमुश्त विद्युत समाधान योजना का लाभ लेने के लिए पंजीकरण कराया। इसमें उपभोक्ताओं ने 16 लाख रुपये का बकाया बिल जमा किया। शिविर के दौरान अधिक मीटर रीडिंग तथा बिल से संबंधित 24 विद्युत बिलों की त्रुटियों को दुरुस्त किया गया। एसडीओ बबलू चौधरी ने बताया कि विद्युत निगम की ओर से आठ नवंबर से 31 दिसंबर तक एकमुश्त समाधान विद्युत योजना चलाई जा रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से निर्धारित समय अवधि में पंजीकरण कराकर बकाया बिलों का भुगतान कर छूट का लाभ लेने की अपील की। इस दौरान जेर्ई अमरजीत, सरताज, लाइनमैन पप्पू और सुभाष आदि मौजूद थे।