मनीलांड्रिंग, दुर्घटना बीमा आदि के नाम पर करते थे ठगी
नेपाल के धनगढ़ी और एक अन्य स्थान से किए गए गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर/बढ़नी। नेपाल में बैठकर साइबर ठगी करने वाले नौ लोगों को बुधवार रात नेपाल पुलिस ने धनगढ़ी ग्रामीण नगर पालिका क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए नौ लोगों में चार भारतीय नागरिक हैं। ये दिल्ली के रहने वाले हैं।
पुलिस का दावा है कि ये लोग मनी लांड्रिंग, बीमा दुर्घटना आदि के नाम पर ऑनलाइन माध्यम से ठगी करते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से इलेक्ट्रॉनिक सामान भी बरामद किया गया है। पकड़े गए लोगों से पूछताछ जारी है।
नेपाल के कैलाली के प्रवक्ता पुलिस उपाधीक्षक कुलदीप चंद ने बताया कि ऑनलाइन माध्यम से होने वाली ठगी के संबंध में पुलिस टीम जांच कर रही थी। जांच में सामने आया कि एक आईटी केंद्र से ठगी की जा रही है।
इसकेे बाद टीम ने जांच बढ़ाई तो क्षेत्र के ही कंचनपुर के बेलदाड़ी ग्रामीण नगर पालिका दो निवासी विशाल सुनार को धनगढ़ी उपमहानगर पांच के तारानगर में अवैध रूप से संचालित एक आईटी केंद्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में और जानकारी प्राप्त होने के बाद आठ अन्य लोगों को धनगढ़ी से पकड़ा गया।
पूछताछ में पकड़े गए लोगों की पहचान सीखड़ नगर पालिका नंबर 10 डोटी के प्रशांत बलायार, पलांगा, दिल्ली, भारत के अमित कुमार, उत्तमनगर दिल्ली के कुणाल शर्मा, निखिल कुमार, करोलबाग दिल्ली रहने वाले प्रियांसु तापू, नेपाल के कंचनपुर के पुनर्वास नगर पालिका नंबर रहने वाले मिन बहादुर सुनार, बेलदाड़ी ग्रामीण नगर पालिका दो केे रहने वाले कमल सुनार और जयराम सुनार शामिल हैं।
पूछताछ में इन्होंने बताया कि वे अवैध रूप से एक आईटी केंद्र संचालित करते हैं। पोलैंड और अन्य देशों के नागरिकों को मनी लांड्रिंग, बीमा दुर्घटना आदि का लालच देकर ऑनलाइन धोखाधड़ी करके रुपये वसूलते हैं। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।