जिले में चार और कोरोना पॉजिटिव मिले
बांसी और शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के अलग-अलग गांव के रहने वाले हैं संक्रमित
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। जिले के बासी और शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के दो अलग-अलग क्वारंटीन हाउस में चार कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। सभी को आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट करने की तैयारी में स्वास्थ्य महकमा जुटा है। बताया जा रहा सभी मुंबई से लौटे थे। इनकी उम्र 18 से 30 वर्ष के बीच है। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 78 हो गई है। बांसी तहसील क्षेत्र का निवासी एक युवक मुंबई से आया था। उसे क्षेत्र के महामाया आईटीआई कॉलेज स्थित क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था। संदिग्ध दिखने पर लार का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। वहीं एक अन्य युवक जो उसी क्षेत्र के गांव के विद्यालय के क्वारंटीन सेंटर में था। जांच के लिए उसका सैंपल भी भेजा गया था। इसके अलावा शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के हाट स्पाट घोषित गांव के दो लोगों का सैंपल जांच के लिए गोरखपुर मेडिकल कालेज के लैब में भेजा गया था। रविवार देर शाम आई रिपोर्ट में चारों कोरोना पॉजिटिव मिले। रिपोर्ट आने के बाद सभी को आइसोलेशन वार्ड में भेजने की तैयारी चल रही थी। सीएमओ डॉ सीमा राय ने बताया कि अब संक्रमित मरीजों संख्या 78 हो गई है। अब 19 लोग स्वस्थ होकर घर भेजे जा चुके हैं।