रोजगार सेवक की हत्या में चार लोगों पर केस
इटवा। थाना क्षेत्र के परसा गांव में रोजगार सेवक की संदिग्ध हाल में मौत के मामले में पत्नी ने जेठ सहित परिवार के अन्य लोगों पर गला घोंटकर हत्या कर देने का आरोप लगाया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने चारों पर हत्या का केस दर्ज करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
क्षेत्र के परसा गांव निवासी लालजी अग्रहरि (30) अपने गांव का रोजगार सेवक था। शनिवार को दोपहर लालजी की पत्नी अपनी बेटी का इलाज कराने इटवा आई थी। देर शाम वह घर पहुंची तो पति को घर में बेड पर मृत पाया। दरवाजा भी खुला था। वह जोर-जोर से रोने लगी। मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। काफी देर तक कोई कुछ समझ ही नहीं पा रहा था।
पुलिस ने लालजी की पत्नी से जानकारी ली। पत्नी रेनू ने पुलिस से कहा कि उनके पति और जेठ बालजी का पैसे और जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद होता रहता था। इसी की वजह से उनके जेठ बालजी, उनकी पत्नी सुनीता, उनका लड़का उमेश और पति के चाचा उमाशंकर ने उनके पति की हत्या करके लाश को फंदे पर लटका दिया। बाद में उसे बेड पर लिटा दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने चारों पर हत्या का केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी। इसके साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ इटवा बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने कहा कि परसा में एक युवक की मौत हुई है। चार लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई जाएगी।