पुलिस ने बैटरी चोर गिरोह का किया पर्दाफाश
बरामद की गई सात बैटरी और चोरी में प्रयुक्त कार
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। पुलिस ने बुधवार को बैटरी चोर गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी कर बेची गई सात बैटरी और एक कार भी बरामद की। सीओ राणा महेंद्र प्रताप सिंह ने डुमरियागंज थाने में आयोजित प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी।
डुमरियागंज थाना क्षेत्र के तेलीयाना मोहल्ला सहित जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र के कई स्थानों से वाहनों की बैटरी चुराने की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया। डुमरियागंज थानाध्यक्ष देवनंदन उपाध्याय और एसआई वकील पांडेय ने हमराहियों के साथ बुधवार दोपहर को राप्ती नदी पुल से चुराई गई बैटरी को बेचते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
पकड़े गए बैटरी चोर के गिरोह में अलीमुद्दीन निवासी देवरा बाजार थाना जोगिया उदयपुर, जनाब अली निवासी बेलसड थाना सिद्धार्थनगर तथा सलमान पुत्र सुलेमान निवासी ग्राम अरनी थाना डुमरियागंज शामिल है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी वाहनों से बैटरी चुराकर उन्हें कार में लादकर सिद्धार्थनगर बेच देते थे।
पूछताछ में आरोपियों ने डुमरियागंज, त्रिलोकपुर तथा सिद्धार्थनगर और बस्ती जनपद के विभिन्न स्थानों से ट्रैक्टर और अन्य वाहनों की बैटरी चुराकर बेचने की बात कबूल की है। सीओ ने चोरी की घटना का पर्दाफाश करने वाले डुमरियागंज थाने के सिपाही विकास सिंह, दिनेश यादव और भानु प्रताप सिंह को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। साथ ही उन्हें गणतंत्र दिवस पर प्रशस्तिपत्र दिलाने का अनुमोदन किया है।