सिद्धार्थनगर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित होने वाली हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की इंप्रूवमेंट परीक्षा को लेकर विभागीय तैयारी पूरी हो गई है। परीक्षा में 250 परीक्षार्थी शामिल होंगे। सीसी कैमरे की निगरानी में बोर्ड परीक्षा की तर्ज पर यह परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। ऐसा विभागीय जिम्मेदारों का दावा है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से हुई इंटरमीडिएट और हाईस्कूल में किसी विषय में फेल हो जाने या फिर कम अंक मिलने पर संबंधित विषय की परीक्षा देने का नियम बनाया है। इससे छात्रों को उस विषय की परीक्षा देकर उत्तीर्ण होने और अच्छा अंक प्राप्त करने का अवसर मिल जाता है। वर्ष 2023 में हुई बोर्ड परीक्षा में कम अंक हासिल करने और एक विषय में फेल होने वाले छात्र-छात्राओं के लिए शासन की ओर से इंप्रूवमेंट परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा 22 जुलाई को संभावित है। इस परीक्षा में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 250 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बोर्ड परीक्षा की तर्ज पर सीसी कैमरे की निगरानी में परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। मजिस्टे्रट के निगरानी में प्रश्न पत्र का वितरण होगा और कॉपी का बंडल सील होगा। इसके साथ ही अतिरिक्त मजिस्टे्रट तैनात रहेंगे और एसडीएम सहित अन्य अधिकारियों की भी परीक्षा पर नजर रहेगी। जिससे सकुशल और नकलविहीन परीक्षा संपन्न हो सके। इस संबंध में प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक उपेंद्र कुमार ने बताया कि परीक्षा को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। परीक्षा शासन के मंशानुसार नकलविहीन संपन्न कराई जाएगी।