दो आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम
- डुमरियागंज थाना क्षेत्र के एक गांव में मिला था पशु का अवशेष
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। पशु के वध के मामले में पहली बार जिले की पुलिस ने दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपये का इनाम रखा है। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के एक गांव में पशु का अवशेष मिलने के मामले में पुलिस पांच लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि दो फरार चल रहे हैं।
डुमरियागंज थाना क्षेत्र के एक गांव में चार दिन पहले पशुओं का अवशेष मिला था। इस मामले में हिंदू संगठनों ने आगे आकर विरोध जताया था, तो पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अज्ञात लोगों पर गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर के मामले की जांच शुरू की थी।
दो दिन पूर्व एसओजी और डुमरियागंज पुलिस की संयुक्त टीम ने पांच आरोपियों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की थी। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पशुओं के वध करने वाले हथियार, काटने का ठीहा सहित अन्य सामान बरामद किया गया था।
आरोपियों ने घटना में डुमरियागंज के बसडिलिया निवासी संजू और हल्लौर निवासी फेरू के शामिल होने की बात स्वीकार की थी। पुलिस टीम उनकी गिरफ्तारी में लगी थी। इसी बीच पुलिस अधीक्षक ने उनकी गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि दोनों आरोपियों पर 50 हजार का पुरस्कार घोषित किया गया है। पुलिस टीम लगी है जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।