बांसी कोतवाली पुलिस ने तेलौरा बाजार में कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 238 शीशी कोडीनयुक्त कफ सिरप और 500 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बरामद की हैं। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया।
कोतवाली प्रभारी महेंद्र प्रताप चतुर्वेदी के मुताबिक, मंगलवार को उपनिरीक्षक राम प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ दुर्गा प्रतिमा विसर्जन ड्यूटी के लिए तेलौरा बाजार में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तेलौरा के पास एक मकान में एक युवक नशीली दवाओं के साथ मौजूद है और रोहुआ रोड स्थित ट्रैवल एजेंसी से कहीं जाने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ट्रैवल एजेंसी के पास पहुंची। वहां बने मकान के पास एक युवक बैग और बोरा लेकर खड़ा दिखाई दिया। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान पिपरा नानकार निवासी सूर्यप्रकाश यादव के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, युवक के बैग और बोरे की तलाशी लेने पर 238 शीशी कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद हुआ। इसके अलावा दो डिब्बों में रखी 500 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट भी मिलीं। बरामदगी के आधार पर कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।