खुनुवां। नेपाल सशस्त्र पुलिस बल ने सुनसरी जिले के धरान उपमहानगरीय शहर से एक ट्रक पकड़ा। ट्रक से 21 क्विंटल से अधिक गांजा बरामद हुआ। यह खेप कहां जा रही थी, इसके बारे में पुलिस जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि इसे भारतीय तस्करों को देना था। सुनसरी की चौथी बटालियन के सशस्त्र पुलिस बल प्रमुख निर्मल कुमार थापा ने बताया कि सोमवार को धरान नंबर-13 के शिवधारा से गांजा जब्त किया गया। सशस्त्र पुलिस अधीक्षक संजीव पौडेल के नेतृत्व में एक टीम ने धनकुटा से आ रहे मालवाहक ट्रक की जांच के दौरान कोशी राजमार्ग पर शिवधारा में सशस्त्र पुलिस बल बेस कैंप धरान से बड़ी मात्रा में गांजा जब्त किया। उन्हाेंने बताया कि तस्करों ने अदरक और गोभी लाने के बहाने ट्रक में गांजा लोड किया था। उन्होंने बताया कि ट्रक में छिपाकर रखे गए 70 बोरों में गांजा रखा गया था। गांजे के साथ 31 बोरी अदरक और 6 बोरी गोभी भी जब्त की गई है। गांजे की तस्करी करने वाला ट्रक चालक फरार है। संवाद