बर्डपुर। क्षेत्र के युसुफपुर में स्थित एफसीआई गोदाम पर फर्जी चलानों के माध्यम से गोलमाल का मामला प्रकाश में आया है। बताया जा रहा है कि एक चालान पर दो गाड़ियों की गेहूं उतरवाई गई है। इसकी जांच विभाग ने शुरू कर दी है।
बताते चले कि केंद्र पर गेहूं भंडारण का कार्य चल रहा है। जिसमें सिद्धार्थनगर, बस्ती, महाराजगंज जिले के क्रय केंद्रों का गेंहू रखा जा रहा है। गेहूं से लदी ट्रक को गेट से गोदाम तक पहुंचने में कई प्रक्रिया का सामना करना पड़ता है। बावजूद इसके एफसीआई में एक ही चालान संख्या पर दो-दो ट्रक माल का इन्ट्री दर्ज किया गया है। 21 मई को संघ सहायक लिमिटेड नौगढ़ की गाड़ी से गेहूं 420 बोरी गोदाम संख्या 11सी में उतार दिया गया
। इसी चालान संख्या पर ही गाड़ी सह संघ लिमिटेड नौतनवां महराजगंज का भी उतार एफसीआई द्वारा दिखाया गया। मंगलवार को विभागीय जांच में सात फर्जी चालानों का ट्रेस किया गया है। विभगीय की माने तो फर्जीवाड़े में लगभग बीस लाख का नुकसान हुआ है। बताते चले कि धर्म कांटे से एफसीआई का सदस्य ही चालान को एफसीआई के बने कार्यालय पर ले जाकर इंट्री करवाता है। एसडब्लूसी के प्रभारी मो शमीम का कहना है कि धर्म कांटे तक चालान सही पाया गया है। एफसीआई के गोदाम पर गड़बड़ी मिली है। एफसीआई के प्रभारी राहुल रंजन ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है। जांच कराई जाएगी।