बांसी ब्लॉक के ग्राम बिमौआ बुजुर्ग के टोला मगरगाहा का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। बांसी ब्लॉक के ग्राम बिमौआ बुजुर्ग के टोला मगरगाहा निवासी दो बुजुर्ग महिलाओं को वृद्धा पेंशन की सत्यापन रिपोर्ट में मृतक बता दिया गया। इससे परेशान महिलाओं ने डीएम को शिकायती पत्र देकर सत्यापन एवं जांच करने वालों के विरुद्ध केस दर्जकर कार्रवाई करने एवं पेंशन दिलाने की गुहार लगाई है।
ग्राम बिमौआ बुजुर्ग के टोला मगरगाहा निवासी सूरजा पत्नी पथरी और विमला देवी पत्नी सत्यराम वृद्धा पेंशन के लाभार्थी थीं। उन्होंने डीएम को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि विभागीय सत्यापन रिपोर्ट में ग्राम सचिव समेत अन्य जांचकर्ताओं ने उनके मृतक होने की रिपोर्ट समाज कल्याण विभाग को भेज दी है। इससे उनकी पेंशन रोक दी गई है। उन्होंने जांचकर पेंशन दिलाने और जिंदा होने के बाद मृत घोषित करने वाले जांचकर्ता के विरुद्ध केस दर्ज करने की मांग की है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. राहुल गुप्ता ने बताया कि इनका आधार कार्ड, बैंक पासबुक व पैनकार्ड की छायाप्रति उपलब्ध कराने पर पेंशन सही करा दी जाएगी।