संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। त्योहार को देखते हुए सीमा पर स्थिति अलीगढ़वा कस्बे में पुलिस ने अवैध पटाखा को लेकर सर्च अभियान चलाया। इस दौरान एक दुकान से 149 पैकेट पटाखा बरामद किया गया। उसे जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया।
त्योहार को देखते हुए जिले में पटाखे की खेप लाई जा रही है। जिले में तीन स्थानों से अवैध पटाखा पुलिस बरामद कर चुकी है। नेपाल सीमा से सटे अलीगढ़वा कस्बे में बीते वर्ष एक मकान में रखे गए पटाखा में विस्फोट हो गया था।
हादसा इतना भीषण था कि मकान जमींदोज हो गई था और धमाके में कई लोगों की जान चली गई और कुछ लोग जख्मी हो गए। जांच में पटाखा अवैध भंडारण होना पाया गया था। रविवार को कपिलवस्तु पुलिस ने अलीगढ़वा कस्बे में सर्च अभियान चलाया। जांच में एक दुकान से 149 पैकेट पटाखा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी की पहचान अमित कुमार गुप्ता उर्फ मोनू पुत्र रामकिशुन निवासी बर्डपुर नंबर टोला बर्डपुर थाना मोहाना जनपद सिद्धार्थनगर हाल पता-कस्बा अलीगढ़वा थाना कपिलवस्तु के रूप में की गई।
आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज करके न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, यहां से जेल भेज दिया गया। इस संबंध में कपिलवस्तु कोतवाल अनुज कुमार सिंह ने बताया कि जांच अभियान चलाया जा रहा है। अलीगढ़वा कस्बे में पटाखा बरामद करके आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जेल भेज दिया गया है। जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।य