सिद्धार्थनगर। अपर्णा पांडेय ने सिद्धार्थ विवि कपिलवस्तु टॉप किया है। मंगलवार को विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह में राज्यपाल राम नाईक ने उन्हें गोल्ड मेडल से सम्मानित किया। अपर्णा सिविल सर्विसेज की परीक्षा उत्तीर्ण कर आईएएस बनकर देश व समाज की सेवा करना चाहतीं हैं। उसने जवाहर लाल नेहरू पीजी कॉलेज महराजगंज से बीए की परीक्षा उत्तीर्ण की है। वह मूल रूप से महराजगंज जिले के चौपरियां गांव की निवासी हैं। पिता गिरिजेश पांडेय दवा व्यवसाय करते हैं और माता सुधा पांडेय गृहणी हैं। बड़े भाई अंबिकेश पांडेय के अलावा छह बहनों में वह दूसरे नंबर की हैं। बातचीत में अपर्णा ने बताया कि वर्तमान में वह राजनीति शास्त्र से एमए कर रही हैं। उनका पहला लक्ष्य राजनीति शास्त्र से पीएचडी करना है। इसके बाद वह आईएएस बनना चाहती हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय कॉलेज के शिक्षकों के साथ ही माता-पिता और भाई, बहनों को दिया।