शोहरतगढ़ में कैरीबैग की जांच करते एसडीएम व एसओ।
- फोटो : अमर उजाला
शोहरतगढ़। सोमवार को नगर पंचायत शोहरतगढ़ में तहसील व पुलिस प्रशासन के साथ नगर पंचायत कर्मचारियों ने पुलिस पिकेट से लेकर भारत माता चौक में लगे साप्ताहिक बाजार व गोलघर में स्थित दुकानों पर गहनता से प्लॉस्टिक की थैली की जांच-पड़ताल की। इस दौरान नगर पंचायत में आठ दुकानदार प्रतिबंधित पॉलिथीन का प्रयोग करते पाए गए। एसडीएम देवेश कुमार गुप्त ने इन आठ दुकानदारों को भविष्य में दोबारा पॉलिथीन का प्रयोग न करने की हिदायत देते हुए नगर पंचायत के लिपिक जगदंबिका प्रसाद तिवारी को दंड स्वरुप एक हजार रुपया जुर्माना काटने का निर्देश दिया। इस दौरान थानाध्यक्ष रणधीर कुमार मिश्रा ने कहा कि फल, सब्जी, किराने, रेडिमेड व फुटपाथ पर व्यापार करने वाले सभी व्यवसायी कैरीबैग का इस्तेमाल नहीं करेंगे। चेतावनी के बाद भी प्रतिबंधित प्लॉस्टिक की थैली का प्रयोग करते पाए जाने पर दुकानदारों पर दंड स्वरुप जुर्माना व सजा की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एसडीएम देवेश कुमार गुप्त ने व्यवसायियों व आम जनता को पॉलिथीन के प्रयोग से पर्यावरण व मानव जीवन को हो रहे दुष्परिणाम के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया। इस दौरान नायब तहसीलदार अवधेश कुमार राय, इंस्पेक्टर शिवाजी राव, एसआई रामकंवल, टैक्स कलेक्टर सूर्य नारायण मिश्र, लिपिक जगदंबिका तिवारी समेत पुलिस के जवान मौजूद थे। इस संबंध में एसडीएम देवेश कुमार गुप्त ने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार शोहरतगढ़ नगर पंचायत में पॉलिथीन जागरूकता अभियान चलाया गया। आठ दुकानदारों पर प्रतिबंधित पॉलिथीन का प्रयोग करते पाए जाने पर दंड स्वरूप एक हजार रुपये वसूलने के लिए नगर पंचायत लिपिक को निर्देश दिया गया है।