सीमाई गांवों के ग्रामीणों को बरसाती बीमारियों से बचाव के प्रति किया जागरूक
नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत लोहटी सीमा चौकी की पहल
तुलसियापुर। बढ़नी ब्लॉक के चंदई गांव में 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की लोहटी सीमा चौकी की ओर से बृहस्पतिवार को नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत निशुल्क मानव चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सीमावर्ती गांवों के 126 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें मुफ्त दवाएं वितरित की गईं। चिकित्सा शिविर में चंदई, लोहटी, बनचौरी और बनचौरा गांव के ग्रामीणों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इनमें 74 पुरुष, 42 महिलाएं और 10 बच्चे शामिल रहे। शिविर के दौरान ग्रामीणों को बरसात के मौसम में स्वच्छता बनाए रखने, दूषित पानी से बचने, संतुलित और पौष्टिक आहार लेने के साथ नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी के चिकित्सक डॉ. ओपी यादव, चरिगवां बीओपी प्रभारी नीरज कुमार शर्मा, आशुतोष कुमार, शिवशंकर उपाध्याय, ग्राम प्रधान शाहजहां सहित एसएसबी के जवान और ग्रामीण मौजूद रहे।