शोहरतगढ़। थाना शोहरतगढ़ के सीमाई क्षेत्र खुनुवां में भारत-नेपाल की खुली सीमा नो मेंस लैंड पर कल्लन की ओर से टीनशेड डालकर अतिक्रमण करने की शिकायत एसएसबी बीओपी खुनुवां के कमांडेंट अमरलाल सोनकारिया ने एसडीएम अनिल कुमार से मामले की शिकायत कर समस्या समाधान की मांग की। एसडीएम के निर्देश पर शनिवार को तहसीलदार अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ खुनुवां नो मेंस लैंड पर अवैध कब्जे को ध्वस्त करवाकर नो मेंस लैंड को अतिक्रमण मुक्त करवाया। तहसीलदार ने अतिक्रमणकर्ता को सख्त चेतावनी देते हुए भविष्य में इस प्रकार के कार्य की पुनरावृत्ति न करने का निर्देश दिया। साथ ही एसएसबी खुनुवां कमांडेंट को नो मेंस लैंड पर अतिक्रमण करने वाले के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इस संबंध में तहसीलदार अरविंद कुमार ने बताया कि सीमाई क्षेत्र के ग्राम खुनुवां में नो मेंस लैंड के समीप कल्लन को पट्टे की भूमि आवंटित थी। हाईकोर्ट के निर्देशानुसार उक्त भूमि पर कल्लन ने निर्माण करा लिया। भवन के पश्चिम तरफ की दीवाल के बाद लगभग 12 फीट जमीन पर लकड़ी की टंकी रखकर कबाड़ की दुकान चला रहा था। एक पखवारा पूर्व कल्लन ने बांस-बल्ली गाड़कर टीनशेड खड़ा कर दिया। एसएसबी 43 वीं बटालियन के बीओपी कैंप कमांडर अमरलाल सोनकारिया ने उक्त मामले की शिकायत एसडीएम से की थी। एसडीएम के निर्देश पर नो मेंस लैंड की जमीन पर अवैध कब्जे को पुलिस बल के साथ ध्वस्त करवाया गया। साथ ही अतिक्रमणकर्ता को इस तरह की गलती भविष्य में न करने की हिदायत दी गई।