सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज, इटवा और बांसी आंशिक क्षेत्र के लगभग 15 लाख की आबादी के लिए खुशखबरी है। डुमरियागंज के बेवां स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निकट लगभग 10 एकड़ में 100 बेड़ वाला संयुक्त जॉइंट चिकित्सालय की सौगात मिलने जा रही है। जिसको लेकर स्वास्थ विभाग की ओर से शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। बजट स्वीकृति और मंजूरी मिलने के बाद संयुक्त चिकित्सालय का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
क्षेत्र के बेवां स्थित सीएचसी के निकट लगभग 10 एकड़ में निर्मित होने वाले 100 शैय्यायुक्त संयुक्त चिकित्सालय में बाल रोग, स्त्री प्रसूति रोग, हड्डी एवं कूल्हा प्रत्यारोपण तथा नेत्ररोग विभाग, जनरल मेडिसिन विभाग, चर्मरोग विभाग, पैथोलॉजी विभाग, रेडियोलोजी विभाग, गहन चिकित्सा केंद्र आईसीयू, शिशु गहन चिकित्सा केंद्र सहित सभी बेहतर उच्च चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इतना ही नहीं बाद में 100 बेड के अस्पताल में एमटीपी, डीएनसी जांच व प्रसव की सुविधा के साथ-साथ 24 घंटे एक्स-रे की सुविधाएं भी मिलेंगी। इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. श्रवण तिवारी ने बताया कि संयुक्त चिकित्सालय के लिए जिले से प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव कि शासन से स्वीकृति और बजट मंजूर होने के बाद अस्पताल का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। अस्पताल बनने के बाद डुमरियागंज ही नहीं इटवा और बांसी आंशिक क्षेत्र के लोगों को भी बेहतर उच्च चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा।