सिद्धार्थनगर। प्रथम अपर जनपद एवं सत्र न्यायाधीश अशोक कुमार नवम ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, गर्भपात कराने के दोषी को 10 वर्ष कठोर कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही 50 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। वहीं दुष्कर्मी का साथ देने वाले उसके पिता को पीड़िता के साथ मारपीट का दोषी पाकर एक वर्ष के कारावास की सजा सुनाई है।
मामला डुमरियागंज थानाक्षेत्र के एक गांव का है जो वर्ष 2018 में घटित हुई थी। पीड़िता की मां ने डुमरियागंज पुलिस को लिखित तहरीर देकर कहा कि उसके पति काफी समय से बीमार हैं वह चलने फिरने में भी असमर्थ हैं। उनके पास सलमान चौधरी पुत्र अब्दुल सलाम अपनी मां रुखसाना के साथ अप्रैल 2018 में आए और कहा कि अपनी लड़की को घरेलू काम के लिए मेरे घर भेज दो, जिसके लिए राजी नहीं हुई। रुखसाना ने कहा कि उसकी पुत्री की शादी वह अपने पुत्र सलमान से कर देगी। इस बात पर विश्वास कर उन्होंने अपनी लड़की को उनके घर काम करने की इजाजत दे दी। उसकी लड़की की तबीयत अक्तूबर माह में खराब हो गयी और उसके इलाज के लिए वह लोग बाहर लेकर चले गये। वहां से वापस एक दिसंबर 2018 की रात्रि में घर लेकर आये। दो दिसंबर 2018 को उसकी लड़की को अब्दुल सलाम, सलमान चौधरी व सलमान के मामा लड्डू ने घसीट-घसीटकर बहुत मारा और कहे कि तुम वापस अपने घर चली जाओ और सलमान को भूल जाओ। हम लोग अब शादी नहीं करेगें। मारपीट में घायल उसकी पुत्री ने घर आकर बताया कि सलमान और उसके मामा लड्डू ने कई बार उसके साथ गलत काम किया है और अब शादी करने को तैयार नहीं है। वह गर्भवती थी, जिसे उन लोगों ने जबरदस्ती गर्भपात करवा दिया। उसने अपने रिश्तेदारों को पूरी बात बताई इतना होने के बाद भी चाहा कि सलमान से किसी तरह शादी हो जाए, लेकिन वह किसी कीमत पर शादी करने के लिए तैयार नहीं हुआ। पुलिस ने केस दर्जकर छानबीन की और विवेचना के बाद सलमान व उसके पिता अब्दुल सलाम को आरोपी बनाकर आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया। न्यायालय में सुनवाई के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों, गवाहों की गवाही जिरह, चिकित्सकीय परीक्षण रिपोर्ट, एवं अन्य प्रपत्रों के आधार पर मामले का सम्यक परिशीलन करते हुए अभियुक्त सलमान को दोषी पाया और सजा सुनाई। राज्य सरकार की तरफ से पीड़िता की पैरवी अपर जिला शासकीय अधिवक्ता चंद्र प्रकाश पांडेय ने किया।