पॉलीथिन रखने पर 10 हजार रुपये का जुर्माना
बांसी। रोडवेज चौराहे के निकट एक किराना की दुकान में छापेमारी कर एसडीएम शिवमूर्ति सिंह ने भारी मात्रा में पॉलीथिन बरामद कर 10600 रुपये का जुर्माना वसूल किया है। शनिवार को लगभग तीन बजे एसडीएम शिवमूर्ति सिंह के नेतृत्व में पॉलिथीन जांच का अभियान चलाया गया। जांच के क्रम में रोडवेज चौराहे के निकट किराना व्यापारी सावित्री किराना एवं जनरल मार्चेंट के यहां भारी मात्रा में पॉलिथीन बरामद हुआ। पॉलिथीन देख एसडीएम शिवमूर्ति सिंह और पूरी टीम भड़क गई। उन्होंने व्यापारी को सख्त चेतावनी दी और बरामद पॉलिथीन को जब्त कर जुर्माना लगाया। साथ ही यह निर्देश दिया कि भविष्य में अगर पॉलीथिन व प्लास्टिक के प्लेट व गिलास मिला तो अगली बार जेल भेज दिया जाएगा। इसके बाद रोडवेज चौराहे के निकट एक फल की दुकान पर पॉलीथिन मिलने पर पांच सौ रुपये का जुर्माना वसूला किया गया। छापेमारी में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार, गणेश मौर्य, एसआई जीवन त्रिपाठी, लेखपाल अनिल श्रीवास्तव, विष्णु आदि शामिल थे।