तुलसीपुर। ककदरी जंगल में मंगलवार को जलौनी की लकड़ी काटने पेड़ पर चढ़े युवक की फिसलकर गिरने और ऊपर पेड़ की डाल गिरने से मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव घर लाकर अंतिम संस्कार कर दिया। मल्हीपुर क्षेत्र के मोहम्मदपुर निवासी परशुराम मौर्या (38) मंगलवार को घर से जलौनी की लकड़ी बीनने के लिए ककरदरी जंगल गए थे। सूखी लकड़ी काटने के लिए वह पेड़ पर चढ़े थे। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नीचे गिर गए। इसी बीच पेड़ की एक डाल भी टूटकर उनके ऊपर गिर गई। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। देर शाम तक परशुराम के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने जंगल में उनकी तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। बुधवार सुबह दोबारा खोजबीन करने पर जंगल में उनका शव पड़ा मिला। शव के ऊपर पेड़ की डाल भी पड़ी थी। परिजन शव को घर ले आए और पुलिस को सूचना दिए बगैर अंतिम संस्कार कर दिया। सीओ जमुनहा आलोक सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी हुई है, लेकिन परिजनों ने पुलिस को कोई सूचना नहीं दी है। यदि किसी प्रकार की सूचना मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।