श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को डीएम अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श शिविर की तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने बताया कि औद्योगिक प्रतिष्ठानों और निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि आठ अक्तूबर को कलेक्ट्रेट में सुबह 10 से शाम चार बजे तक शिविर लगेगा। इसके बाद नौ अक्तूबर को सभी ब्लॉक परिसर में सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। डीएम ने सहायक श्रमायुक्त राजबहादुर यादव को निर्देश दिया कि शिविरों में श्रमिकों को स्वास्थ्य परीक्षण, ओपीडी, चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक जांच और रेफरल की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही श्रमिकों के पंजीकरण और नवीनीकरण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।