गिलौला (श्रावस्ती)। पिपरा गोसाई निवासी एक महिला की सोमवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मृतका के पिता ने ससुरालीजनों पर पुत्री की हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायती पत्र दिया है।
गिलौला थाना क्षेत्र के ग्राम कोट मुबारकपुर गांव के मजरा पेडऱहीपुरवा निवासी गज्जे ने अपनी पुत्री रीना (32) का विवाह बारह वर्ष पूर्व थाना क्षेत्र के ही पिपरा गोसाई निवासी मन्ने पुत्र तीजे से किया था। जिससे दो बच्चे बृजेश (8) व विशाल (5) है। रीना की सोमवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता गज्जे ने गिलौला पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि रीना को उसके ससुराल वाले प्रताड़ित करते थे। सोमवार रात उसकी पुत्री का फोन आया था। उसने बताया था कि उसे ससुराल वाले मार रहे हैं।
मंगलवार सुबह गांव के किसी व्यक्ति ने फोन पर उसकी पुत्री की मौत की सूचना दी। गिलौला पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गिलौला पुलिस के मुताबित पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई होगी।