इकौना (श्रावस्ती)। परशुरामपुर निवासी महिला की शनिवार को करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। महिला पड़ोसन के हैंडपंप से पानी लेने गई थी। नवीन मॉडर्न पुलिस थाना श्रावस्ती क्षेत्र के रमवापुर पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम परसरामपुर निवासिनी राधा देवी (45) का घर सुभाष मौर्य के घर के बगल पड़ता है। सुभाष ने अपने हैंडपंप में टुल्लूपंप लगा रखा है।
शनिवार दोपहर राधा देवी गांव में ही आयोजित एक पूजा कार्यक्रम में सम्मिलित होने गई थी। जहां से वापस आते समय राधा सुभाष के घर में लगे नल पर मुंह धुलने पहुंची थी। इस दौरान वह नल में उतरे करंट की चपेट में आ गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। करंट लगने की सूचना के बाद मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए। इस मामले में ससुराल व मायके पक्ष की ओर से नवीन मॉडर्न थाना पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई हैं। (संवाद)