चुनाव की तिथि नजदीक आते ही प्रत्याशियों व समर्थकों ने प्रचार में झोंकी ताकत
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रावस्ती। नगर निकाय चुनाव की तिथि ज्यों-ज्यों नजदीक आ रही है। त्यों-त्यों प्रत्याशियों के दिलों की धड़कने तेज हो रही है। जिले में मंगलवार को चुनावी शोर भी थम जाएगा। ऐसे में क्या अध्यक्ष क्या सभासद सभी प्रत्याशी मतदाताओं से विजयश्री का आशीर्वाद लेने के लिए मनुहार में जुटे हुए हैं। पांच साल जनसेवा का दावा कर अबकी बार जिताने की गुहार लगा रहे हैं।
नगर पालिका परिषद भिनगा व नगर पंचायत इकौना में आज शाम पांच बजे से चुनाव का शोर थम जाएगा। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों व निर्दल प्रत्याशियों व उनके समर्थकों ने प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। कोई जाति तो कोई धर्म की दुहाई देकर मतदाताओं को अपने पाले में लाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहा है। तो कोई अपनी ताकत दिखा कर चुनावी बयार अपने पक्ष में होने का दावा कर अबकी बार बना दो हमारी सरकार का मनुहार कर रहा है।
वहीं मतदाता भी प्रत्याशियों के कार्य व्यवहार व संस्कार की गुणा-गणित लगाने में जुटा हुआ है। हालांकि मतदाता किसी भी प्रत्याशी, दल अथवा समर्थक को मायूस नहीं कर रहा। कोई भी दल अथवा प्रत्याशी या उसका समर्थक हो मतदाता सभी को विजयश्री का आशीर्वाद दे रहा है।