श्रावस्ती। पहाड़ों व नेपाल में हो रही बरसात के कारण राप्ती उफना गई है। बैराज पर मंगलवार को राप्ती नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 110 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया। इससे घरों में पानी भर गया। भिनगा मल्हीपुर मार्ग पर बनी अस्थायी पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि दोपहर बाद नदी का जलस्तर कुछ कम हो गया।
राप्ती का जलस्तर अचानक बढ़ने से आई बाढ़ के कारण भिनगा मल्हीपुर मार्ग वीरपुर लौकिहा मोड़ के पास कटी सड़क पर बनी अस्थायी पुलिया दोबारा क्षतिग्रस्त हो गई। एसडीएम व तहसीलदार जमुनहा ने पुलिस तैनात कर आवागमन रोक दिया है।
बाढ़ का पानी जमुनहा के बांद्रा टेपरा, गजोबरी कोठार, धूम बोझी के मजरा भगवानपुर, वीरपुर लौकिहा, कथरी माफी, शिकारी चौड़ा, हरिहरपुर महाराज नगर, गुरुदत्त पुरवा, पिपरहवा जोगा, लक्षमणपुर सेमरहनिया सहित कई अन्य गांव की तरफ बढ़ने लगा। खेतों में लगी फसल जलमग्न हो गई। कई स्थानों पर मार्ग पर पानी आ जाने के कारण गांव टापू बन गए। जिले में दोपहर बाद हुई बरसात के बाद बाढ़ की आशंका को लेकर कछार वासियों की धड़कने तेज हो गई हैं।
गिलौला के रामगढ़ी निवासी असलम व रामेंद्र सिंह ने एसडीएम इकौना से मिलकर उन्हें एक शिकायती पत्र सौंपा है। जिसमें ग्रामीणों का आरोप है कि रामगढ़ी में स्थापित गोशाला राप्ती नदी के किनारे स्थापित है, जो दो बंधों के बीच में पड़ती है। ऐसे में जब राप्ती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है तो इन गोवंशों को संरक्षित कराया जाए।
स्कूल में भी घुसा पानी
जमुनहा के ग्राम पंचायत वीरपुर लौकिहा व हरिहरपुर करनपुर स्थित कम्पोजिट विद्यालय में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया। जिसे देखते हुए यहां मौजूद शिक्षक ने बच्चों को वापस घर भेज दिया। देखते ही देखते विद्यालय परिसर में एक से डेढ़ फिट पानी भर गया।
राप्ती बैराज पर जलस्तर
राप्ती बैराज पर नदी का खतरे का निशान 127.70 सेंटीमीटर है, जो सुबह सात बजे 128.60, नौ बजे 128.70, दस बजे 128.80 सेंटीमीटर मापा गया। इसके बाद दोपहर 12 बजे तक नदी का जलस्तर स्थिर रहा। एक बजे 128.70, तीन बजे 128.60 सेंटीमीटर मापा गया। शाम पांच बजे तक स्थिर बना रहा।
यह गांव हुए प्रभावित
राप्ती नदी का जलस्तर बढ़ने से वीरपुर निवासी अजय पाठक, इंद्रजीत पाठक, मेराज व अब्बास के घर में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया। इसके बाद ग्रामीण अपना सामान समेट कर छत पर पहुंच गए। राप्ती नदी के तट पर बसे जमुनहा के गंगा भागड़, बेलरी, चमारन पुरवा, वीरपुर लौकिहा, सलारू पुरवा, शिकारी चौड़ा, बरंगा, हसनापुर, हरिहरपुर करनपुर, पिपरहवा, जोगिया, लक्ष्मणपुर सेमरहनिया, पोंदिला पोंदली, दुर्गापुर, सहित भिनगा तहसील क्षेत्र के तिलकपुर, रेहरा व मोहम्मदपुर कला सहित कई अन्य अन्य गांवों में खेत व खलिहान जलमग्न हो गए।
कई गांव के मुख्य मार्ग पर भी बाढ़ का पानी आने से आवागमन प्रभावित हुआ है। जबकि सालरू पुरवा, बरंगा, घाटे पुरवा, हरिहरपुर, वीरपुर, शिकारी, बरुआ, पिपरहवा कोठी, गुरुदत्त पुरवा गांव में पानी घुस गया है।
नेपाल में बरसात रुक जाने के कारण राप्ती नदी का जलस्तर तेजी से घटने लगा है। इससे कई गांव की तरफ बढ़ रहा पानी अब धीरे धीरे कम हो रहा है। सभी बाढ़ चौकियों व तहसीलों सहित स्थानीय पुलिस को जलस्तर पर नजर रखने का निर्देश दिया जा चुका है। देर शाम तक स्थिति सामान्य हो सकती है।
- एडीएम अमरेंद्र कुमार वर्मा