श्रावस्ती। जिले में पंचायत के रिक्त पदों के लिए होने वाले उप चुनाव के लिए मंगलवार को नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया हुई। इस दौरान इकौना के वार्ड संख्या 103 खरगौरा गणेश के पद पर मात्र इकौना देहात निवासी राज लक्ष्मी पांडे व जमुनहा के वार्ड नंबर 85 से शहादत हुसैन ने अपना अपना नामांकन दाखिल किया। एक मात्र प्रत्याशी होने के कारण नामांकन पत्रों की जांच व नाम वापसी के बाद बीडीसी पद पर इन दोनों का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है।
नामांकन के पहले दिन सिरसिया क्षेत्र में पांच, इकौना क्षेत्र में चार व जमुनहा तथा गिलौला क्षेत्र में ग्राम पंचायत सदस्य के बीस बीस पदों सहित कुल 49 पदों पर चुनावी दावेदारी पेश करने के लिए प्रत्याशियों ने पर्चा भरा।
वर्षावास पूजा में जुटे अनुयायी
कटरा (श्रावस्ती)। बौद्ध तपोस्थली श्रावस्ती में मंगलवार को बरसात के दौरान बौद्ध अनुयायियों ने श्रीलंका मंदिर में वर्षावास पूजन किया। इस मौके पर मौजूद भिक्षुओं ने तथागत भगवान बुद्ध के बताए आष्टांगिक मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। साथ ही जियो और जीने दो, सभी जीवों पर दया करो का संदेश भी दिया। इस दौरान कई बौद्ध भिक्षु मौजूद रहे।