श्रावस्ती। सीमा क्षेत्र के ग्रामीणों को रोजगार से जोड़ने के लिए एसएसबी उन्हें वाहन चलाने व बकरी पालन का प्रशिक्षण दिला रही है। जिसके माध्यम से वे रोजगार प्राप्त कर अपना जीवन स्तर सुधारेंगे। इसकी शुरुआत मंगलवार को एसएसबी के रनियापुर सीमा चौकी की ओर से की गई।
इंडो नेपाल सीमा से सटे मोतीपुर कला गांव के 35 ग्रामीणों को रोजगार से जोड़ा जाएगा। इसके लिए एसएसबी 62वीं वाहिनी भिनगा की सीमा चौकी रनियापुर की ओर से युवाओं को वाहन चलाने व बकरी पालन का प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है। नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत जवानों ने जहां 20 ग्रामीणों को मोटर ड्राइविंग कोर्स कराया है। वहीं, 15 ग्रामीणों को बकरी पालन का प्रशिक्षण देने के साथ उन्हें दो-दो बकरी के बच्चे भी उपलब्ध कराए हैं।
एसएसबी के जी कंपनी सीमा चौकी तुरसमा में मोटर ड्राइविंग कोर्स के दूसरे बैच का प्रशिक्षण मंगलवार से प्रारंभ किया गया। इस दौरान कमांडेंट रवींद्र कुमार राजेश्वरी व भाजपा नेता रणवीर सिंह ने प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवाओं को प्रमाणपत्र प्रदान किया। इस मौके पर सहायक कमांडेंट रोहित जयंत मगदूम, सहायक उप निरीक्षक नरेश कुमार, भैसाही नाका प्रभारी उप निरीक्षक यशवंत सिंह नेगी सहित संबंधित ग्राम प्रधान, प्रशिक्षणार्थी व ग्रामीण सहित एसएसबी जवान मौजूद रहे। संवाद