श्रावस्ती। अक्तूबर माह में अचानक हुई बरसात ने विगत दो वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। साल 2020 में इस माह में एक बूंद पानी भी नहीं बरसा था, जबकि 2021 में 83.90 मिमी. की बरसात हुई थी। लेकिन इस वर्ष पांच अक्तूबर से लेकर सात अक्तूबर सुबह 8.00 बजे तक जिले में 180.16 मिमी. बरसात रिकॉर्ड की गई। यह औसत 52.60 मिमी. के सापेक्ष तीन गुने से अधिक है।
बरसात का दौर जिले में सूखा-सूखा ही बीत गया। यहां तक कि इस दौरान जिले में औसत बरसात भी नहीं हुई। लेकिन बरसात का माह सितंबर गुजर जाने के बाद जब धान की फसल लगभग कटने को तैयार थी। उस समय बरसात ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। यदि आंकड़ों पर गौर करें तो अक्तूबर माह में 52.60 एमएम बरसात ही होनी चाहिए थी। जबकि 2020 में इस आंकड़े के सापेक्ष एक बूंद पानी भी नहीं गिरा। 2021 में मात्र 83.90 मिमी. बरसात हुई। वर्ष 2022 में पांच अक्तूबर सुबह आठ बजे से लेकर छह अक्तूबर सुबह आठ बजे तक 24 घंटे के अंदर 121.5 मिमी. बारिश बरसात दर्ज की गई। वहीं छह अक्तूबर सुबह 8.00 बजे से सात अक्तूबर सुबह 8.00 बजे तक 58.66 एमएम बरसात दर्ज की गई। यह आंकड़ा शनिवार तक और बढ़ सकता है। इस मूसलाधार बारिश का नुकसान सीधा किसानों को होगा। खेतों में तैयार फसल डूबी हुई है, जिसे काटना मुश्किल होगा।
माह वार वर्षा का आंकड़ा
माह 2020 2021 2022
जनवरी 00 00 45.70
फरवरी 36.90 1.30 34.90
मार्च 2.50 1.60 00
अप्रैल 10.50 12.50 00
मई 20.70 177.30 30.10
जून 316.60 432.60 69.00
जुलाई 392.90 258.40 108.70
अगस्त 187.00 407.90 73.50
सितंबर 113.80 75.80 8.07
अक्तूबर 00 83.90 180.16
नोट - अक्तूबर 2022 का आंकड़ा पांच अक्तूबर सुबह 8.00 बजे से सात अक्तूबर सुबह 8.00 बजे तक का है।