श्रावस्ती। सोनवा क्षेत्र के ग्राम रामपुर कोड़री में मंगलवार को खेत की सिंचाई को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान हुई मारपीट में दोनों पक्ष से कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ितों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई है। ग्राम रामपुर कोड़री निवासी कामती देवी (45) ने विपक्षी पर मारपीट का आरोप लगाते हुए मंगलवार को सोनवा पुलिस को तहरीर दी। बताया कि वह प्याज की फसल की सिंचाई करने लिए बोरिंग पर पंपिंगसेट बांधने के लिए गई थीं। वहां विपक्षी जगेश्वर ने सिंचाई करने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। मारपीट में एक पक्ष से शांति (35), फूला (40) राजितराम (45) तथा दूसरे पक्ष से मोहर, जगेश्वर व नंदे घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया। थानाध्यक्ष विशुनदेव पांडेय ने बताया कि दोनों पक्ष की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है