श्रावस्ती। सिरसिया पुलिस ने रविवार को दो युवकों को एक तमंचे व दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। सीओ भिनगा आलोक सिंह ने बताया कि सिरसिया थाना प्रभारी दीपक कुमार दूबे रविवार शाम टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्हें सोनपथरी जाने वाले लालपुर-कुसमहवा मार्ग पर दो युवकों के अवैध शस्त्र के साथ मौजूद होने की सूचना मिली। इस पर थाना प्रभारी ने टीम के साथ मौके पर दबिश देकर बाइक सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया। तलाशी में दोनों के पास से एक 12 बोर का तमंचा व दो कारतूस बरामद हुआ। पकड़े गए युवकों की पहचान कोतवाली भिनगा के रामप्रसादपुरवा निवासी अनोखी व सरवन कुमार के रूप में हुई। दोनों को जेल भेज दिया गया है।