श्रवस्ती। नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में लगे ट्रांसफार्मर ओवरलोडिंग से अक्सर जल जाते हैं। जिससे उपभोक्ता कई-कई घंटे आपूर्ति से वंचित रहते हैं। ट्रांसफार्मर उतारने व बदलने के नाम पर अघोषित बिजली कटौती भी होती है। जिससे उपभोक्ताओं को निजात दिलाने के लिए निगम बीस करोड़ रुपये खर्च कर रहा है।
विद्युत निगम की ओर से जिले में करीब दो सौ करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पहले चरण में 20 करोड़ रुपये खर्च करके 500 ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी। जिससे ओवरलोडिंग से ट्रांसफार्मर न फुंके। इनमें लक्ष्मणपुर क्षेत्र के ज्ञान डीह, तेलहार, सोनौढ़ा, दुबेपुरवा, चरईडीह, छोटकाई डीह, अग्गापुर, रामगढ़िया व दुर्गापुर तराई सहित जिले के 397 ग्राम शामिल हैं।
इन गांवों में राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना व सौभाग्य योजना एवं प्रधानमंत्री हर घर बिजली योजना के तहत लगाए गए ट्रांसफार्मरों को बदल कर उनके स्थान पर ज्यादा क्षमता वाले ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। अधिशासी अभियंता विद्युत रणजीत चौधरी बताते हैं कि उपभोक्ता समय से बिल का भुगतान करें। जिससे उन्हें निर्बाध आपूर्ति दिलाई जा सके।