श्रावस्ती। परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय में पूर्व में बने पुराने व जर्जर हो चुके शौचालयों के साथ ही पुराने मल्टीपल हैंडवाश स्थलों को ध्वस्त किया जाएगा। इनके स्थान पर नए शौचालयों का निर्माण होगा। इसके साथ ही जिन विद्यालयों में नि:शक्त बच्चों के लिए शौचालय नहीं है, वहां भी ऑपरेशन कायाकल्प के तहत शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। यह जानकारी जिलाधिकारी नेहा प्रकाश ने दी। वह बृहस्पतिवार को ऑपरेशन कायाकल्प की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रही थी।
डीएम ने बैठक में मौजूद जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों को ग्राम पंचायत विकास योजना में सम्मिलित किया जाए। साथ ही विद्यालयों में दिव्यांग शौचालय का निर्माण कार्य भी जल्दी पूर्ण कराया जाए। कहा कि विद्यालयों में स्थित पुराने, जर्जर व खस्ताहाल स्थिति में मौजूद शौचालय एवं पुराने मल्टीपल हैंडवाश स्थलों को चिह्नित कर ध्वस्त कराने के बाद उनकी जगह नए शौचालय व हैंडवाश स्थल का निर्माण कराया जाए।
बीएसए अमिता सिंह ने बताया कि जिले के कुल 463 विद्यालयों में दिव्यांग शौचालय का निर्माण कराया जा चुका है। इनमें 97 प्रतिशत बालक व 95 प्रतिशत बालिका विद्यालय के शौचालय शामिल हैं।
इस दौरान प्रेरणा पोर्टल के माध्यम से विद्यालयों के निरीक्षण की प्रगति की समीक्षा के दौरान पता चला कि कई अधिकारियों ने लक्ष्य के सापेक्ष विद्यालयों का निरीक्षण नहीं किया है। इस पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल विद्यालयों का निरीक्षण कर आख्या रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। बैठक में सीडीओ अनुभव सिंह, एसडीएम जमुनहा पीके राय, पीडी इंद्रपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।